रतलाम के ग्राम करमदी में भारी तनाव; संदिग्धों की घुसपैठ से जागे ग्रामीण, सुरक्षा और ‘सर्विलांस ड्रोन’ की मांग को लेकर प्रशासन और मीडिया के द्वार पर पहुंचे….

(www.csnn24.com)रतलाम।माणक चौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम करमदी में पिछले तीन दिनों से भारी हड़कंप और तनाव का माहौल है। गांव और उसके आस-पास के क्षेत्रों में देर रात संदिग्ध वाहनों (पिकअप, बोलेरो, ओम्नी वैन) से भारी संख्या में अज्ञात लोग उतर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में चोरी, डकैती और बड़ी वारदात का भय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस गश्त न होने के कारण गांव के युवा और किसान खुद ही मजबूरन रात 04:00 बजे तक मोटरसाइकिल से सीमाओं पर पहरेदारी (रतजगा) कर रहे हैं। लगातार 3 दिनों से मात्र 2-3 घंटे सोने के कारण ग्रामीणों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है, जिससे उनकी मानसिक सतर्कता (Awareness) खत्म होने की कगार पर है। चूंकि यह समय मानसून के ठीक पहले का है, इसलिए रात भर जागने के कारण किसान दिन में खेतों की तैयारी (हकाई-जुताई) भी नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इंसान आखिर कब तक अपनी जान जोखिम में डालकर इस तरह पहरेदारी कर सकता है? इसलिए आज ग्राम करमदी के समस्त नागरिकों (50 से अधिक हस्ताक्षरों के साथ) ने एकजुट होकर कलेक्टर, एसपी, माणक चौक थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत के समक्ष लिखित विधिक मांग (Legal Demand) रखने का निर्णय लिया है।
ग्रामीणों की मुख्य मांगें और कानूनी चेतावनीः
1. सर्विलांस ड्रोन की अनुमतिः प्रशासन तत्काल गांव में ‘सर्विलांस ड्रोन’ (Surveillance Drone) से रात में निगरानी की व्यवस्था करे, या फिर ग्रामीणों को स्वयं के खर्च पर ड्रोन खरीदकर सुरक्षा निगरानी करने की लिखित वैधानिक अनुमति तुरंत प्रदान करे।

2. आत्मरक्षा और कानूनी जिम्मेदारीः नोंद की कमी और प्राण-रक्षा के अत्यंत भय के बीच, यदि रात्रि गश्त के दौरान ग्रामीणों का सामना इन संदिग्धों से होता है और ‘राइट ऑफ प्राइवेट डिफेंस’ (आत्मरक्षा के अधिकार) के तहत किसी संदिग्ध को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसकी कोई भी कानूनी या आपराधिक जिम्मेदारी ग्रामीणों की नहीं होगी, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रहने वाले प्रशासन की होगी।
ग्राम करमदी के प्रबुद्ध नागरिकों ने स्थानीय मीडिया के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि स्थिति बिगड़ने से पहले इस मामले में तुरंत ठोस और सकारात्मक कदम उठाए जाएं।





