छलक गए नरोत्तम की आंखों से आंसू….दतिया उपचुनाव: नामांकन रैली में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, बोले-16 तारीख से दतिया में ही डेरा डालूंगा…

(www.csnn24.com) आज भाजपा की नामांकन रैली के दौरान जब मंच से भाषण चल रहे थे उसे समय दतिया के प्रबल दावेदार नरोत्तम मिश्रा पहली बार अपना टिकट कटने के बाद मंच से बोले। भाजपा के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं के बीच उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धि गिनाते हुए भाजपा को धन्यवाद दिया इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े तथा वह जमकर भावुक हो गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनकी पीठ थपथपा कर उन्हें शांत किया। हालांकि नरोत्तम मिश्रा की छवि कठोर और सख्त मिजाज की है।
दतिया। दतिया उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की नामांकन रैली के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भावुक नजर आए। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। भाषण के दौरान वे भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू भी छलक पड़े।
अपने संबोधन में नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लगभग बीस वर्ष पहले, जब दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार थी, तब दतिया और आसपास का क्षेत्र डाकुओं के आतंक से प्रभावित था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए और आज क्षेत्र में कोई भी कुख्यात डाकू गिरोह सक्रिय नहीं है।
उन्होंने कहा, “यही हमारा काम है। कांग्रेस के लोगों को भी अपने काम के आधार पर जनता के बीच जाना चाहिए। अपना काम दिखाइए और फिर वोट मांगिए। हम अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रख रहे हैं, उन्हें भी अपनी उपलब्धियां बतानी चाहिए।”
भाजपा में किसी भी प्रकार के आंतरिक मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा, “मैं आपको सच बता रहा हूं, भाजपा के भीतर कोई बड़ा आंतरिक संघर्ष नहीं है।”
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने चुनाव प्रचार को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 16 तारीख से वे स्वयं दतिया में डेरा डालेंगे। उन्होंने कहा, “सभी कार्यकर्ताओं के साथ मैं दतिया के हर घर के दरवाजे पर सिर झुकाऊंगा, हर गांव में जाऊंगा और आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करूंगा।”
भाजपा की नामांकन रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने इसे उपचुनाव के लिए शक्ति प्रदर्शन बताते हुए भाजपा प्रत्याशी की रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा किया। अब देखना यह है कि नरोत्तम मिश्रा के यहां आंसू भाजपा के लिए वरदान बनते हैं अथवा अभिशाप।
वीडियो- सौजन्य से ANI





