
(www.csnn24.com) रतलाम। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में गुरुवार रात मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जुलूस के दौरान लगभग 15 फीट ऊंचा ताजिया बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राम हतनारा के मेवाती मोहल्ले से गुरुवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। ताजिया जैसे ही मुख्य मार्ग से आगे बढ़ा, उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही पूरे ताजिये में करंट फैल गया। ताजिया उठाकर चल रहे लोग अचानक करंट की चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए दौड़े अन्य लोग भी करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में 32 वर्षीय राशिद खान, 40 वर्षीय सड्डू हुसैन तथा अरबाज खान, निवासी ग्राम हतनारा, की मौत हो गई। वहीं 12 से अधिक लोग झुलस गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया तथा एएसपी विवेक कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना, चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।
एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे ग्राम हतनारा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।





