रतलाम पुलिस की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सख्ती…
बिना हेलमेट हाईवे पर जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई, ड्रोन से निगरानी कर अव्यवस्थित खड़े वाहनों के बनाए चालान...यातायात पुलिस की कार्रवाई में 87 चालान, ₹44,600 शमन शुल्क वसूला गया....

(www.csnn24.com)
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में जिले में यातायात दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में डीएसपी यातायात आनंद सोनी के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी रतलाम रक्षित निरीक्षक हेमंत पाटीदार एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष कार्रवाई की गई।
*बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई–*
शहर से हाईवे की ओर जाने वाले मार्गों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान गत शाम से रात्रि तक कार्रवाई करते हुए 60 चालान बनाए गए तथा ₹18,000 का शमन शुल्क वसूला गया।
इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में सिर में गंभीर चोट लगने की आशंका को कम करने के लिए यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना है।
*शहर की यातायात व्यवस्था पर ड्रोन से निगरानी–*
रतलाम शहर में यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने एवं सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों की पहचान करने के लिए ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में ड्रोन से चिह्नित किए गए अव्यवस्थित खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों के चालान बनाए गए।
ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने से यातायात व्यवस्था पर नजर रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिह्नित कर कार्रवाई करने में सहायता मिल रही है।
*कुल 87 चालान, ₹44,600 शमन शुल्क वसूला गया–*
यातायात पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान कुल 87 चालान के माध्यम से ₹44,600 का शमन शुल्क वसूला गया। यातायात पुलिस द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करने का अभियान लगातार जारी है।
रतलाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, अपने वाहन निर्धारित एवं उचित स्थान पर ही खड़े करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। यातायात नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
रतलाम पुलिस — सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।





