ब्रेकिंग
रतलाम पैराडाइज वैली हादसा: शिक्षक सहित तीन की मौत... स्कूल ट्रिप में सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर स... ओरिएंटेशन प्रोग्राम उत्कर्ष-2026 में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला करियर एवं जीवन निर्माण का मार्... 2,080 करोड़ रुपए से बनेगा उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड 4-लेन एक्सप्रेस-वे, जुलाई 2028 में होगा पूर्ण... व... पूरे जिले में हर्षोल्लास से मनाई गई स्वतंत्रता की 79 वीं सालगिरह.... 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है भारत तिरंगा वाहन रैली में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, युवाओं ने लिया तिरंगे की गरिमा बनाए रखने का संकल्प... पत्रकार शरद जोशी की पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन... बाल संप्रेषण गृह से सात बाल अपचारी फरार, छह पकड़ाए; एक की तलाश जारी.... रतलाम: विप्लव जैन मित्र मंडल द्वारा 10 अगस्त को निकलेगी श्री मौजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी, कई... खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स, पटेल नगर से 2,095 लीटर/किलोग्राम से ...
जनहित ख़बरेजावरारतलामहादसा
Trending

रतलाम पैराडाइज वैली हादसा: शिक्षक सहित तीन की मौत… स्कूल ट्रिप में सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल…

सागोद रोड स्थित सावलिया रुंडी में दर्दनाक हादसा, दो शिक्षकों और एक छात्र की मौत; एक बच्ची का रेस्क्यू कर अस्पताल में कराया उपचार....

Publish Date: August 23, 2026

(www.csnn24.com) रतलाम। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सागोद रोड स्थित सावलिया रुंडी की पैराडाइज वैली में स्कूल पिकनिक के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा इंतजामों और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जावरा के त्रिमूर्ति स्कूल के छात्र-छात्राएं और शिक्षक पिकनिक के लिए यहां पहुंचे थे। इसी दौरान पानी में डूबने से दो शिक्षकों और एक छात्र की मौत हो गई। हादसे में एक बच्ची भी पानी में डूब गई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

हादसे में शिक्षक विजय सिंह, प्रिंस मोदी और छात्र हर्षित पाटीदार की मौत की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में मदद की। घायल बच्ची को पत्रकार दिलजीत सिंह मान और नवीन टाक द्वारा बाइक से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

स्कूल ट्रिप की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

हादसे के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार स्कूल की ओर से बच्चों की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि पिकनिक दल में छात्र-छात्राओं के साथ कोई महिला शिक्षिका अथवा महिला अटेंडर मौजूद नहीं थी। हादसे के समय जब बच्चों में घबराहट का माहौल बना, तब उन्हें संभालने और तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी पर्याप्त नजर नहीं आई।

मौके पर मौजूद कीर्ति सिंह सोनगरा ने स्कूल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए बताया कि बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक रेस्क्यू अथवा प्राथमिक सहायता से जुड़े संसाधन मौके पर नजर नहीं आए। उनका कहना है कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की, जिससे स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सका।

हालांकि, स्कूल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर अभी विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए पिकनिक के दौरान वास्तविक व्यवस्थाएं क्या थीं और सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों का कितना पालन किया गया था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

प्रिंसिपल की भूमिका पर भी सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा स्कूल के प्रिंसिपल की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि हादसे से पहले और हादसे के बाद उनकी मौजूदगी के बावजूद बच्चों की सुरक्षा को लेकर अपेक्षित सतर्कता नहीं दिखाई गई। वहीं, सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि पिकनिक में बच्चों को लेकर पहुंची बस का चालक घटना के बाद मौके पर मौजूद नहीं था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ऐसे में जांच का एक महत्वपूर्ण बिंदु यह भी होगा कि पिकनिक दल के साथ कितने शिक्षक और कर्मचारी मौजूद थे, बच्चों की निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी और आपात स्थिति के लिए क्या व्यवस्था की गई थी।

यदि पिकनिक स्पॉट नहीं तो चेतावनी बोर्ड क्यों नहीं?

पैराडाइज वैली को लेकर भी प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार यह स्थान आधिकारिक रूप से पिकनिक स्पॉट के रूप में चिन्हित नहीं है। इसके बावजूद यहां छुट्टियों और रविवार के दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर कुछ यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा इस स्थान के वीडियो और रील लगातार प्रसारित किए जाने के बाद यहां लोगों की आवाजाही बढ़ी है। सोशल मीडिया के जरिए यह स्थान लोगों के बीच पिकनिक स्थल के रूप में लोकप्रिय हुआ और धीरे-धीरे यहां भीड़ बढ़ती चली गई।

ऐसे में सवाल यह भी है कि यदि प्रशासन के अनुसार यह पिकनिक स्थल नहीं है, तो यहां आने वाले लोगों को रोकने या सावधान करने के लिए पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा सूचना अथवा अन्य आवश्यक इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

हादसे के बाद कई सवाल अनुत्तरित

इस दर्दनाक हादसे ने स्कूल पिकनिक के दौरान बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—

  • क्या स्कूल ने पिकनिक से पहले स्थल की सुरक्षा का आकलन किया था?
  • बच्चों की निगरानी के लिए पर्याप्त शिक्षक और स्टाफ मौजूद थे या नहीं?
  • महिला छात्राओं के साथ महिला शिक्षिका अथवा अटेंडर की व्यवस्था क्यों नहीं थी?
  • आपात स्थिति के लिए प्राथमिक उपचार और रेस्क्यू संसाधन मौजूद थे या नहीं?
  • क्या बच्चों को पानी के आसपास जाने से रोकने के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था थी?
  • बस चालक और परिवहन व्यवस्था को लेकर क्या व्यवस्था की गई थी?
  • यदि पैराडाइज वैली पिकनिक स्थल के रूप में चिन्हित नहीं है तो वहां लोगों की आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन ने क्या कदम उठाए हैं?

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में स्कूल प्रबंधन की भूमिका, पिकनिक के लिए की गई व्यवस्थाओं, बच्चों की निगरानी, स्थल की सुरक्षा और हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के पीछे कौन-कौन से कारण जिम्मेदार थे और कहीं सुरक्षा संबंधी गंभीर चूक तो नहीं हुई।

Show More

Amit Nigam

Founder Director Head of CSNN 24 & Bureau chief SWARAJ EXPRESS MP/CG since launching Madhya Pradesh, Three times ex Vice President of Ratlam Press Club. DPR Accreditation from MP.Government (Adhimanya Patrakar since 15 yrs).21 years of journalism experience...along with print media & electronic media.... 18 years experience in National & Regional news channels B.SC LLB. MEMBER OF RATLAM BAR COUNCIL

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button