केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की बड़ी कार्रवाई रतलाम जिले से 12 किलो से अधिक एमडी(मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद…
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ से अधिक.

(www.csnn24.com) रतलाम नशीले पदार्थों के विरुद्ध निरंतर चलाए जा रहे अभियानों के क्रम में, विशिष्ट आसूचना( मुखबिर के द्वारा) के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), एमपी यूनिट की एक प्रिर्वेटिव टीम ने 16.12.2025 की देर रात्रि के दौरान ढोढर टोल प्लाजा, तहसील जावरा, जिला रतलाम (म.प्र.) पर चित्तौड़गढ़ पासिंग एक मारुति स्विफ्ट कार को रोका तथा उसकी तलाशी के दौरान 10 पैकेटों में छिपाकर रखी गई 12.0055 किलोग्राम अवैध मेफेड्रोन बरामद की। जिसे सामान्य भाषा में MD अथवा MDMA भी कहा जाता है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 करोड़ से ज्यादा है। NCB को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मारुति स्विफ्ट कार प्रतापगढ़ क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ लेकर मंदसौर-रतलाम हाईवे के माध्यम से गुजरात की ओर तस्करी करने वाली है। उक्त सूचना के आधार पर 16.12.2025 को दिन के समय ही सीबीएन एमपी यूनिट की एक विशेष टीम का गठन कर संदिग्ध मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी गई।
टीम द्वारा सतर्कतापूर्वक संदिग्ध वाहन की पहचान कर उसे डोडर टोल प्लाज़ा पर रणनीतिक रूप से रोका गया। कार्रवाई के दौरान मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।


वाहन की गहन तलाशी के दौरान 10 पैकेटों में रखी 12.0055 किलोग्राम अवैध मेफेड्रोन की बरामदगी हुई। विधिक औपचारिकताओं की पूर्ति के उपरांत जब्त मादक पदार्थ एवं वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि मेफेड्रोन की यह बरामदगी इस प्रकार के मादक पदार्थ की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक है।
मामले में आगे की जांच जारी है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा समाज, विशेषकर युवाओं, को नशे की प्रवृत्ति से सुरक्षित रखने हेतु निरंतर प्रयासरत है।





