सुपरस्टार शाहरुख खान ने की दिल्ली के कंझावला हादसे की मृतक अंजलि सिंह के परिवार की मदद
मीर फाउंडेशन ने डोनेट की बड़ी रकम, SRK ने पिता के नाम से खोला है NGO

सुपरस्टार शाहरुख खान ने दिल्ली के कंझावला हादसे की मृतक अंजलि सिंह के परिवार की मदद की है। दरअसल अंजलि ने नए साल में अपनी जान गवां दी थी। ऐसे में शाहरुख के NGO मीर फाउंडेशन ने मृतक की फैमिली को काफी बड़ा अमाउंट डोनेट कर इस मुश्किल घड़ी में उनकी मदद की है |
दिल्ली के एक सूत्र ने इसका खुलासा करते हुए कहा, ‘शाहरुख खान के मीर फाउंडेशन ने अंजलि सिंह की फैमिली को बड़ी अमाउंट डोनेट किया है। अंजलि अपने घर में एकमात्र कमाने वाली थी, जिससे उनकी मां और भाई-बहन का खर्चा चलता था। शाहरुख के NGO ने ये कदम अंजलि के भाई-बहन और उनकी मां (जिन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं हैं) के लिए उठाया है।’ हालांकि अभी ये सामने नहीं आया है कि SRK ने कितने रुपए की आर्थिक मदद की है।
SRK ने मीर फाउंडेशन को अपने पिता मीर ताज मोहम्मद खान के नाम पर शुरू किया था। इस NGO का लक्ष्य ग्राउंड लेवल पर बदलाव लाना है। इसके साथ ही ये महिलाओं को सशक्त बनाने वाली दुनिया बनाने के लिए काम करता है।
रात करीब 1.30 बजे कंझावला इलाके में ये हादसा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, अंजलि स्कूटी से घर लौट रही थी। कार सवार 5 युवकों ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। अंजलि कार के नीचे फंसी रही। उसे 12 किमी तक घसीटा गया।